आगरा। कासगंज जिले में सुबह के समय छाए कोहरे व शीतल हवाओं से परेशान लोगों को दोपहर के समय दो घंटे की धूप ने राहत दे दी। लोगों ने धूप में बैठकर राहत की सांस ले ली हैं। न्यूनतम पारा सात डिग्री तथा अधिकतम पारा 17 डिग्री रिकार्ड किया गया है । मौसम विभाग ने शनिवार को बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश होने पर ठंड बढ़ने की संभावना बहुत ही तेज़ी से जताई जा रही है। जिले में बृहस्पतिवार को निकली हल्की धूप के बाद रात में घना कोहरा छा गया। कोहरे का असर शुक्रवार को दोपहर तक बना रहा। कोहरे व ठंडी हवा के झोंके लोगों को काफी परेशान करने लगे। गलन भरी सर्दी से बेहाल लोग अलाव के सहारे ठंड से राहत पाने की कोशिश में लगे रहे, लेकिन दोपहर 12 बजे मौसम ने करवट फिर से बदल ली। तेज खिली धूप निकल आई। धूप निकलते ही लोगों के चेहरे काफी खिल उठे। लोग धूप में बैठने के लिए घरों की छतों, पार्कों आदि में पहुंच गए। लगभग दो घंटे तक धूप खिली रही। दोपहर दो बजे के बाद मौसम फिर से बदलता नज़र आने लगा। बादलों ने डेरा डाल लिया। इससे फिर से ठंड बढ़ गई। दोपहर के समय अधिकतम पारा 17 डिग्री तक पहुंचा। शाम को फिर से कोहरे की दस्तक होने लगी। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को बारिश हो सकती है। बारिश होने पर ठंड बढ़ने के पूरे आसार नज़र आ रहे हैं। कोहरे से ट्रेनों के संचालन पर बहुत ज्यादा आसार पड़ने लगा हैं, कासगंज। राम नगर सुपर फास्ट एक्सप्रेस रात में 1:46 बजे के स्थान पर 2:27 बजे, आगरा फोर्ट एक्सप्रेस रात 2:20 बजे के स्थान पर 2:56 बजे, मथुरा मेला एक्सप्रेस सुबह 8:50 बजे के स्थान पर 9:47 बजे, बरेली सिटी कासगंज पेसेंजर 10:40 के स्थान पर 10:56 बजे जंक्शन पहुंची। आगरा केंट एक्सप्रेस दोपहर 12:00 बजे के स्थान पर 1:00 बजे जंक्शन पर पहुंची।