जैतपुर। भारतीय किसान यूनियन सर्वोदय की महत्वपूर्ण बैठकबुधवार को ग्राम पंचायत सुजानपुर के अंतर्गत ग्राम लखनपुरा में प्रधान श्याम सिंह यादव के निज निवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह चौहान ने की। ग्राम लखनपुरा में नाली एवं खरंजा निर्माण से जुड़ी लम्बित समस्याओं को लेकर आयोजित इस पंचायत में खंड विकास अधिकारी जैतपुर नीरज तिवारी, एपीओ वरुण वर्मा, कोऑपरेटिव अध्यक्ष उमेश चंद्र भारती तथा जेई निरोत्तम विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों की शिकायतें विस्तार से सुनीं और मौके पर ही समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन सर्वोदय के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव सिंह भदौरिया, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष गोमती, तहसील सचिव राजू सिंह, जिला सचिव सत्यप्रकाश यादव, अजय सिंह भदौरिया, जैतपुर ब्लॉक प्रभारी प्रमोद, ग्राम अध्यक्ष पाल सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। बैठक में ग्रामीणों ने नाली-खरंजे की टूट-फूट, जलभराव एवं सड़क मरम्मत जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जिस पर अधिकारियों ने जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि किसान और गांव की समस्याएं प्राथमिकता से उठाई जाती रहेंगी। अंत में ‘जय जवान-जय किसान’ के नारों के साथ बैठक संपन्न हुई।





