न्याय की मांग को लेकर जाटव समाज ने डीसीपी नगर को सौंपा ज्ञापन
आगरा। सुल्तानपुरा, कैंट क्षेत्र से नाबालिग युवती के लापता होने के चार दिन बीत जाने के बावजूद अब तक उसकी बरामदगी नहीं हो सकी है। सदर थाना पुलिस में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी परिजनों का आरोप है कि पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे परिवार सदमे और भय में है। मामले को लेकर सुल्तानपुरा क्षेत्र के जाटव समाज के लोगों ने पुलिस उपायुक्त नगर को ज्ञापन सौंपते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। समाज के लोगों का कहना है कि 24 जनवरी को नाबालिग घर से सब्ज़ी लेने निकली थी, लेकिन तभी से उसका कोई सुराग नहीं मिला। चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई है। परिजनों ने आशंका जताई है कि एक युवक द्वारा नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है और उसके साथ किसी गंभीर अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता। जाटव समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही युवती की सकुशल बरामदगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।





