मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के द्वितीय चरण के लिए ई-बिड आमंत्रित, 21 जुलाई तक करें आवेदन, उठाएं लाभ
आगरा में 1,522 जोड़ों के सामूहिक विवाह हेतु जेम पोर्टल पर ई-बिड जारी, सामग्री व सेवाओं की व्यवस्था के लिए पात्र फर्मों से प्रस्ताव आमंत्रित
आगरा। जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री नगेन्द्र पाल सिंह ने अवगत कराया है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के द्वितीय चरण के सफल आयोजन के लिए जनपद आगरा में आवश्यक सामग्री एवं सेवाओं की व्यवस्था हेतु जेम (जेम) पोर्टल के माध्यम से ई-बिड आमंत्रित की गई है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी नगेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि जनपद आगरा में योजना के अंतर्गत कुल 1,522 जोड़ों के सामूहिक विवाह का आयोजन प्रस्तावित है। इसके लिए प्रति जोड़ा ₹15,000 की दर से सामग्री एवं सेवाओं की व्यवस्था कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी, आगरा की अध्यक्षता में गठित समिति के अनुमोदन तथा कार्यालय पत्र संख्या 606 दिनांक 04 जुलाई, 2026 के क्रम में द्वितीय चरण हेतु बिड संख्या GEM/2026/B/7776428 दिनांक 11 जुलाई, 2026 को जेम पोर्टल पर प्रकाशित की गई है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने इच्छुक एवं पात्र फर्मों तथा सेवा प्रदाताओं से अपील की है कि वे जेम पोर्टल पर उपलब्ध उक्त बिड संख्या के माध्यम से निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुरूप प्रतिभाग करें। बिड से संबंधित सभी आवश्यक विवरण, शर्तें एवं अभिलेख जेम पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि उक्त ई-बिड 21 जुलाई, 2026 को अपराह्न 2:00 बजे तक खुली रहेगी। इच्छुक फर्में निर्धारित समयावधि के भीतर अपने प्रस्ताव ऑनलाइन अपलोड कर सकती हैं।
उन्होंने अधिक से अधिक पात्र एवं अनुभवी सेवा प्रदाताओं से जेम पोर्टल के माध्यम से प्रतिभाग करने का अनुरोध करते हुए कहा कि इससे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रस्तावित सामूहिक विवाह समारोह का सफल एवं गुणवत्तापूर्ण आयोजन सुनिश्चित किया जा सकेगा।