नोटों की गड्डी का झांसा देकर महिला के सोने के कुंडल ले उड़े शातिर

14 readers

खेरागढ़। कस्बे के कागारौल चौराहा पर शनिवार शाम करीब छह बजे दो शातिर युवकों ने सब्जी खरीदने आई एक महिला को बातों में फंसाकर उसके सोने के कुंडल ठग लिए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बाजार में हड़कंप मच गया।

पीड़िता सुनीता पत्नी मान सिंह, निवासी देवी मंदिर के पीछे, खेरागढ़, ने बताया कि वह कागारौल चौराहा पर सब्जी खरीदने आई थी। तभी दो युवक उसके पास पहुंचे और बातचीत शुरू कर दी। इसी दौरान उन्होंने काले कपड़े में लिपटी नोटों की गड्डी जैसी दिखने वाली एक पोटली दिखाकर उसे अपने झांसे में ले लिया। बातों ही बातों में शातिरों ने उसके कानों से सोने के कुंडल उतरवा लिए और हाथ में वही पोटली थमाकर मौके से फरार हो गए।

कुछ देर बाद जब महिला ने पोटली खोली तो उसमें नोट नहीं थे। तभी उसे एहसास हुआ कि उसके सोने के कुंडल भी गायब हैं। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए, लेकिन तब तक दोनों आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर निकल चुके थे।

सूचना मिलते ही थाना खेरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस संदिग्ध युवकों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस ठगी की घटना से बाजार आने वाली महिलाओं में दहशत का माहौल है।

Related News

Share: