किशोरी से हैवानियत कर वीडियो किया वायरल; पुलिस ने 2 दरिंदों को दबोचा
पीड़िता की तहरीर पर FIR दर्ज, तीसरे आरोपी की तलाश जारी
आगरा | इरादतनगर थाना पुलिस ने किशोरी के साथ दुष्कर्म और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में 2 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है
दिनांक 17.07.2026 को सोशल मीडिया पर एक किशोरी का आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली थी। उच्चाधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया। पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक कुमार अग्रवाल और सहायक पुलिस आयुक्त पिनाहट ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया।
पीड़िता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर दिनांक 19.07.2025 को थाना इरादतनगर में तीन आरोपियों के विरुद्ध FIR संख्या 0089/2026 धारा 70(1)/351(3) BNS, 2023 व 67A IT Act, 2008 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना प्रभारी निरीक्षक इरादतनगर को सौंपी गई।
दो आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान मिली मुखबिर की सूचना पर 19.07.2025 को करीब शाम 7:00 बजे इरादतनगर पुलिस टीम ने इस मामले में नामजद वांछित अभियुक्त छोटा उर्फ श्री भगवान पुत्र विजय सिंह, निवासी फूलपुर और विशाल पुत्र राधेश्याम, निवासी इनायतपुर को इनायतपुर रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराकर उन्हें माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा रिमांड पर भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
1. छोटा उर्फ श्रीभगवान पुत्र विजय सिंह, उम्र लगभग 24 वर्ष, निवासी ग्राम फूलपुर, थाना इरादतनगर
2. विशाल पुत्र राधेश्याम, उम्र लगभग 26 वर्ष, निवासी ग्राम इनायतपुर, थाना इरादतनगर
पुलिस टीम
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक रामकुमार तोमर, उप निरीक्षक श्री रामकिशोर, उप निरीक्षक श्री अरविंद आर्य, हेड कांस्टेबल योगेश शर्मा, कांस्टेबल शुभम पंवार और महिला कांस्टेबल निशा शामिल रहीं।
डीसीपी पूर्वी ने बताया कि मामले की गहन विवेचना की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।