कांवड़ यात्रा: चंबल घाट पर लगेगा स्वास्थ्य शिविर, 24 घंटे तैनात रहेंगे चिकित्सक
सीएचसी अधीक्षक ने किया स्थल निरीक्षण, दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित
पिनाहट (आगरा)। सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिनाहट की ओर से चंबल नदी घाट पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित किया जाएगा। शुक्रवार को सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रमोद कुशवाहा ने शिविर के लिए चयनित स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डॉ. प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि मध्यप्रदेश की ओर आने-जाने वाले कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए चंबल घाट पर यह शिविर लगाया जा रहा है। शिविर में 24 घंटे चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
यात्रा के दौरान यदि किसी कांवड़िये की तबीयत बिगड़ती है या किसी को चिकित्सकीय सहायता की जरूरत पड़ती है तो मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक दवाइयां, प्राथमिक उपचार किट और अन्य स्वास्थ्य संबंधी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि शिविर में बुखार, चोट, उल्टी-दस्त और थकान जैसी सामान्य समस्याओं के उपचार की पूरी व्यवस्था रहेगी। गंभीर मरीजों को तुरंत सीएचसी रेफर किया जाएगा।