पिनाहट: किले की जर्जर दीवार गिरी, मकान क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला

7 readers

मल्हन टूला में बारिश से गिरी बाउंड्री, घर का सामान दबा

पिनाहट (आगरा)। थाना क्षेत्र के मोहल्ला मल्हन टूला में गुरुवार देर रात हुई तेज बारिश के कारण पिनाहट किले की जर्जर बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा भरभाकर गिर गया। दीवार नीचे बने मकान पर गिरने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया और घरेलू सामान नष्ट हो गया। हालांकि हादसे के समय परिवार घर में सो रहा था, लेकिन गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार जानकी पुत्र मोहर सिंह के मकान के ठीक ऊपर किले की पुरानी दीवार थी। लगातार हो रही बारिश और सीलन के कारण दीवार कमजोर हो गई थी और रात में भरभाकर मकान पर गिर पड़ी। इससे मकान का एक हिस्सा टूट गया और अंदर रखा हजारों रुपये का सामान मलबे में दबकर खराब हो गया।

घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने दौड़कर मलबा हटाया और पीड़ित परिवार को बाहर निकाला। सूचना पर क्षेत्रीय लोग भी मौके पर पहुंच गए।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग करते हुए कहा कि किले की अन्य जर्जर दीवारें भी कभी भी गिर सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से किले का सर्वे कराकर मरम्मत कराने की मांग की है।

Related News

Share: