कांवड़ यात्रा और आगामी त्योहारों को लेकर खंदौली थाने में पीस कमेटी की बैठक
आगरा/खंदौली। सावन माह एवं कांवड़ यात्रा के साथ आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को थाना खंदौली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, ग्राम प्रतिनिधि एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
थाना प्रभारी उपेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही कांवड़ यात्रा और आगामी त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जा सकते हैं।
बैठक में मौजूद ग्रामीण जयप्रकाश और सुनील कुमार ने पुलिस प्रशासन द्वारा क्षेत्रीय जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने की सराहना की। साथ ही उन्होंने शांति, भाईचारा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में प्रशासन को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक आयोजनों के दौरान अनुशासन बनाए रखने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की तथा आपसी समन्वय के साथ कांवड़ यात्रा को सफल बनाने पर जोर दिया। उपस्थित लोगों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।