खंदौली में पैरावेटों ने काली पट्टी बांधकर किया विरोध प्रदर्शन, नियमित मानदेय की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

9 readers

खंदौली (आगरा)। प्रदेशभर में नियमित मानदेय की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के तहत शुक्रवार को विकासखंड खंदौली स्थित पशु चिकित्सालय पर पैरावेट (पशु मित्र/मैत्री) कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पैरावेटों ने पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ओम बाबू बाथम एवं डॉ. हरपाल सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए नियमित मानदेय की व्यवस्था लागू करने की मांग की

पैरावेटों का कहना है कि वे वर्षों से पशुपालन विभाग के माध्यम से एफएमडी (खुरपका-मुंहपका) टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, टैगिंग, पशुगणना सहित विभिन्न योजनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें आज तक नियमित मानदेय का लाभ नहीं मिल सका। उन्होंने बताया कि शासन स्तर पर कई बार आश्वासन दिए गए, प्रस्ताव भी भेजे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक नियमित मानदेय के संबंध में सरकार स्पष्ट निर्णय नहीं लेती, तब तक प्रदेश संगठन के आह्वान पर एफएमडी टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान जैसे कार्यों का बहिष्कार जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर पैरावेटों के साथ न्याय करने की मांग की।

इस अवसर पर पैरावेट श्याम बाबू, वीरेंद्र सिंह, निन्नू राम, सुमित, प्रशांत कुमार, कर्मवीर, संजय शर्मा, वीरेंद्र सिंह, अनुज जूरैल, धर्मवीर सिंह, मनोज कुमार, जितेंद्र कुमार सहित क्षेत्र के अनेक पैरावेट कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा

Related News

Share: