मिशन शक्ति कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा व साइबर जागरूकता का दिया संदेश
खेरागढ़। राजकीय महाविद्यालय सैंया, खेरागढ़ में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।थाना सैंया से पहुंचीं पुलिस अधिकारी निकिता एवं रेशमा ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 112, 1090, 1098 और 181 के उपयोग की जानकारी देते हुए आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित महिलाओं और बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग और साइबर ठगी से बचाव के बारे में जागरूक किया।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रविन्द्र कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कार्यक्रम में मिली जानकारी को समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. रेखा सुमन ने किया। इस अवसर पर डॉ. विशाल भास्कर, डॉ. हुकुम सिंह, डॉ. अनिल कुमार गौतम, डॉ. विजय आनंद गौतम सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।