48 घंटे में लिफ्ट देकर छिनैती करने वाले 4 शातिर गिरफ्तार
शमशाबाद और बमरौली कटारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, स्कार्पियो-थार सहित नकदी-जेवर बरामद
आगरा। कमिश्नरेट पुलिस ने लिफ्ट देकर राहगीरों से छिनैती करने वाले गिरोह के 4 शातिर अभियुक्तों को 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। शमशाबाद और बमरौली कटारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा। इनके कब्जे से नकदी, सोने-चांदी के जेवर, 4 मोबाइल, एक अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो व थार गाड़ी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे वादी शमशाबाद बिजलीघर पर खड़ा था। तभी 4 अज्ञात लोग गाड़ी में लिफ्ट देने के बहाने बैठाकर सिकतरा गांव के पास ले गए और 10 हजार रुपये, सोने की कान की बाली, चांदी का कड़ा व 2 मोबाइल लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना शमशाबाद में मु0अ0सं0 197/26 धारा 304(2) बीएनएस दर्ज किया गया।
इसी प्रकार 25 जुलाई को बमरौली कटारा बिजलीघर पर खड़े एक अन्य वादी को थार सवार 3 लोगों ने लिफ्ट दी और समोगर मार्ग पर 1500 रुपये व सोने की अंगूठी छीनकर भाग गए। इस मामले में थाना बमरौली कटारा में मु0अ0सं0 88/26 धारा 304(2) बीएनएस पंजीकृत हुआ।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर गठित हुई टीम
पुलिस आयुक्त और अपर पुलिस आयुक्त के निर्देश पर, पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन श्री अभिषेक अग्रवाल के नेतृत्व में एसीपी शमशाबाद व एसीपी फतेहाबाद द्वारा टीमें गठित की गईं। 27 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर कृष्णा धाम कॉलोनी के सामने चेकिंग के दौरान 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
1. करन जादौन पुत्र राजू, निवासी ग्राम नयाबांस, थाना शमशाबाद
2. सूरज तोमर पुत्र प्रकाश, निवासी ग्राम बिशैरी गौरवा
3. विवेक कुशवाह पुत्र राकेश कुशवाह, निवासी कहरई मोड़, थाना एकता
4. दीपेश पुत्र स्व. बहादुर सोनी
पुलिस ने इनके पास से 5,000 रुपये नकद, 1 अंगूठी, 1 जोड़ी कान की लर, 1 नाक की बाली, 4 मोबाइल, 1 अवैध तमंचा 315 बोर, 1 जिंदा कारतूस, 1 महिंद्रा स्कार्पियो और 1 महिंद्रा थार बरामद की। बरामद माल के आधार पर दोनों मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। वहीं करन जादौन के पास से तमंचा बरामद होने पर थाना शमशाबाद में मु0अ0सं0 198/26 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट भी दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों से अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।