हजारा नहर में दोस्तों संग नहाने उतरा युवक डूबा, तलाश में जुटी फ्लड टीम
पिकनिक मनाने गए थे पाँच दोस्त, गहरे पानी में समाया युवक; घटना का वीडियो आया सामने
कासगंज। थाना क्षेत्र के अंतर्गत हजारा नहर पिकनिक पॉइंट पर शुक्रवार शाम दोस्तों के साथ घूमने आए एक युवक की नहर में डूबने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुँच गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की जा रही है, वहीं राहत और बचाव कार्य के लिए पीएसी की फ्लड कंपनी को भी सूचित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम त्रिलोकपुर निवासी पाँच दोस्त—देवराज (21) पुत्र वीरपाल सिंह, अंशुल प्रताप, सुमित कुमार, अनुज कुमार और रंजीत कुमार शुक्रवार शाम को हजारा नहर पिकनिक पॉइंट पर टहलने गए थे। प्रत्यक्षदर्शी दोस्तों के मुताबिक, शाम करीब 7:45 बजे रंजीत को छोड़कर बाकी चारों युवक नहाने के उद्देश्य से नहर में कूद गए।
नहाते समय अचानक देवराज का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में समाने लगा। दोस्तों ने बताया कि देवराज करीब 50 मीटर तक पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया, लेकिन फिर पानी के तेज बहाव में ओझल हो गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन वे नाकाम रहे। बताया जा रहा है कि युवकों के नहर में कूदने का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घटनाक्रम कैद हुआ है।
हादसे की खबर मिलते ही देवराज के पिता वीरपाल सिंह, बड़ा भाई कैलाशचंद्र और छोटी बहन पिंकी कुमारी बदहवास हालत में मौके पर पहुँचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से ही पिकनिक पॉइंट पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पीएसी की फ्लड टीम को भी बुलाया गया है ताकि नहर के तेज बहाव में युवक को जल्द से जल्द तलाशा जा सके। पुलिस आगे की विधिक कार्यवाही में जुटी है।