मथुरा: इंदौर की तर्ज पर स्वच्छता, फोटो भेजते ही दो घंटे में होगी सफाई
मथुरा। ब्रज की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और यहां की गौरवशाली विरासत का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के लिए नगर निगम ने एक अनूठी पहल की है। अब इस अभियान को सोशल मीडिया की ताकत से जोड़ा जाएगा। इसके तहत शुक्रवार को नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने शहर के 50 से अधिक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की और उनसे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
सोशल मीडिया के जरिए घर-घर पहुँचेगा संदेश
बैठक के दौरान नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि आज के समय में सोशल मीडिया की पहुँच समाज के हर वर्ग तक है। इंफ्लुएंसर्स इस माध्यम का सकारात्मक उपयोग करके स्वच्छता, पर्यावरण और ब्रज की संस्कृति को बचाने का संदेश बहुत ही प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुँचा सकते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वे 'ब्रज वैभव अभियान' से जुड़कर नियमित रूप से जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करें। इस दौरान उन्होंने इंफ्लुएंसर्स से नए सुझाव भी लिए, जिस पर सभी ने अभियान को सफल बनाने का पूरा भरोसा दिया।
कुंडों का सौंदर्यीकरण और गोवर्धन पर लगेगी रेन गन
हार्टफुलनेस फाउंडेशन के कोऑर्डिनेटर निशांत शर्मा ने इस अभियान के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हर रविवार को अलग-अलग शहरों से वॉलंटियर्स ब्रज क्षेत्र में आते हैं और श्रमदान करते हैं। फाउंडेशन की योजना ब्रज के 12 कुंडों के सौंदर्यीकरण, वॉटर ट्रीटमेंट और गोवर्धन पर्वत पर रेन गन लगाने की है। वहीं, 'प्रोजेक्ट मथुरा' के विपुल अग्रवाल ने आगामी जन्माष्टमी पर्व पर आयोजित होने वाले भंडारों को पूरी तरह व्यवस्थित और स्वच्छ रखने के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने का सुझाव दिया।
सिंगल विंडो सिस्टम: फोटो भेजते ही दो घंटे में होगी सफाई
नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त करने के लिए एक बड़ी घोषणा की है। नगर आयुक्त ने बताया कि जल्द ही एक सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया जाएगा। इसके तहत यदि किसी नागरिक को शहर में कहीं भी गंदगी दिखाई देती है, तो वह उसकी फोटो खींचकर शिकायत दर्ज करा सकता है। शिकायत मिलते ही निगम की टीम हरकत में आएगी और दो घंटे के भीतर उस जगह की सफाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। नगर निगम का मुख्य उद्देश्य मथुरा को 'इंदौर' की तर्ज पर एक स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहर बनाना है।