अवैध तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक पर सवार दो नाबालिग भी मिले
खेरागढ़। सैंपऊ रोड स्थित कुशियापुर बॉर्डर पर मंगलवार को चेकिंग के दौरान पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। युवक के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, 500 रुपये नकद और एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुआ। उसके साथ बाइक पर सवार दो नाबालिगों को पूछताछ के बाद बाल कल्याण अधिकारी के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक लोकेश भाटी पुलिस टीम के साथ कुशियापुर बॉर्डर पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान खेरागढ़ की ओर से सैंपऊ जा रही बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर बाइक सवारों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान बाइक चालक की पहचान अरविंद निवासी नगला बिठोरा, थाना कंचनपुर, जिला धौलपुर (राजस्थान) के रूप में हुई। उसकी पैंट की दाहिनी जेब से 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। पुलिस द्वारा लाइसेंस मांगे जाने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 9/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। बरामदगी और गिरफ्तारी की वीडियोग्राफी भी कराई गई। वहीं बाइक को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत जब्त कर लिया गया।