बैंक कर्मचारियों की हड़ताल का ऐलान: 11 सितंबर और इन तारीखों पर ठप रहेगा कामकाज, नोट कर लें नई अपडेट

106 readers

बैंकिंग सेक्टर से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी प्रमुख मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। हफ्ते में पाँच दिन बैंकिंग (5-Day Banking) लागू करने और प्रोत्साहन योजना में कथित भेदभाव को खत्म करने की मांग को लेकर देश भर के बैंक कर्मचारी मुखर हो गए हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर होने वाली इस हड़ताल को देश के 10 प्रमुख केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने भी अपना पूर्ण समर्थन दे दिया है।

इन तारीखों पर रहेगी हड़ताल, चार दिन काम रहेगा ठप

यूनियन के संयोजक गजेंद्र सिंह के अनुसार, कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेंगे:

  • 11 सितंबर: देश भर के बैंक कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे।

  • 28, 29 और 30 सितंबर: इसके बाद कर्मचारी तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल करेंगे।

  • 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल: यदि सरकार ने समय रहते उनकी माँगे नहीं मानीं, तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी, जिससे बैंकिंग कामकाज पूरी तरह ठप हो सकता है।

कर्मचारियों की मुख्य माँगे और आपत्तियाँ

श्रम संगठनों (इंटक, एटक, सीटू सहित 10 बड़ी यूनियनों) का मुख्य आरोप है कि सरकार ने साल 2024 में भेजे गए '5-डे वीक' (सप्ताह में 5 दिन काम) के प्रस्ताव पर अभी तक अपना फैसला अटका रखा है।

इसके अलावा, साल 2020 में हुए समझौतों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया गया है। यूनियनों का कहना है कि सरकार ने बैंक के कुल मुनाफे के आधार पर इंसेंटिव देने के बजाय, व्यक्तिगत प्रदर्शन (इंडिविजुअल परफॉर्मेंस) पर आधारित एक नई और भेदभावपूर्ण प्रोत्साहन योजना पेश की है। कर्मचारियों का मानना है कि यह नीति उन्हें बांटने वाली है, जिसके विरोध में यह बड़ा आंदोलन किया जा रहा है।

यदि आप सितंबर महीने में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी वित्तीय लेन-देन, चेक क्लियरेंस या सरकारी काम पूरा करना चाहते हैं, तो हड़ताल की इन तिथियों को ध्यान में रखते हुए अपनी योजना पहले ही बना लें।

Related News

Share: