मायके आई नवविवाहिता की चाकू से गोदकर हत्या, पूर्व प्रेमी पर आरोप

162 readers

मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले में 22 वर्षीय नवविवाहिता काजल कुमारी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात झंझारपुर के भैरवस्थान थाना क्षेत्र के सर्वसीमा गांव में रविवार रात हुई। हत्या का आरोप युवती के पूर्व प्रेमी विपुल चौधरी उर्फ जतिन पर लगा है। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और आक्रोशित परिजनों ने आरोपी के घर के बाहर शव रखकर विरोध जताया।

जानकारी के मुताबिक, काजल दो दिन पहले अपनी मां सुनीता देवी से मिलने मायके आई थी। आरोप है कि विपुल ने उसकी मां के साथ मारपीट की थी। इसकी शिकायत दर्ज कराने के लिए काजल अपनी मां के साथ थाने भी गई थी। घर लौटने के बाद विपुल अपने एक साथी के साथ उसकी तलाश में पड़ोस के घर पहुंचा। बताया जाता है कि वहां चापाकल के पास काजल पर चाकू से कई वार किए गए। उसे बचाने पहुंची एक महिला भी घायल हो गई। गंभीर चोटों के कारण काजल की मौत हो गई। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, काजल ने पहले विपुल के साथ संबंध होने के बाद दरभंगा जिले के शिवम राय उर्फ बाला से प्रेम विवाह किया था। घटना के पीछे पुराने प्रेम संबंध और बाइक की किस्त के लिए दिए गए 10 हजार रुपये को लेकर विवाद की चर्चा है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने आरोपी के घर के बाहर शव रखकर विरोध किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने के साथ जांच शुरू की।भैरवस्थान थानाध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी के मुताबिक, आरोपी की तलाश की जा रही है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने भी जांच की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Related News

Share: