फतेहपुर सीकरी में रातें होंगी रोशन, नवंबर में शुरू हो सकता है भव्य लाइट शो!

155 readers

आगरा। मुगलकालीन वैभव के लिए मशहूर फतेहपुर सीकरी में जल्द ही इतिहास रोशनी और आवाज के जरिए जीवंत होता नजर आ सकता है। यहां नवंबर में साउंड एंड लाइट शो शुरू होने की संभावना है। करीब 8.65 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत दीवान-ए-आम में प्रोजेक्शन मैपिंग का काम तेजी से चल रहा है। शो शुरू होने से पर्यटकों को नया आकर्षण मिलने के साथ क्षेत्र में रात्रि प्रवास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री पर्यटन सहभागिता योजना के तहत आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) और पर्यटन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में इस परियोजना की योजना तैयार की थी। शुरुआत में जोधाबाई पैलेस को शो के लिए चुना गया था, लेकिन बाद में दीवान-ए-आम को इसके लिए उपयुक्त माना गया।भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने उपकरण लगाने की अनुमति दे दी थी, लेकिन स्क्रिप्ट में सुधार करने को कहा था। जोधाबाई से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारियों को पर्याप्त रूप से शामिल करने के निर्देश के चलते परियोजना में देरी हुई। स्क्रिप्ट को मंजूरी मिलने के बाद शो तैयार करने का काम आगे बढ़ा।

यह शो आगरा और झांसी के किलों में संचालित साउंड एंड लाइट शो की तर्ज पर लेजर लाइट और होलोग्राम जैसी तकनीकों से तैयार किया जा रहा है। प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए ऐतिहासिक इमारत की दीवारों और वास्तुशिल्प पर दृश्य उकेरे जाएंगे, जिससे दर्शकों को इतिहास का नया अनुभव मिल सकेगा। एडीए के अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार के मुताबिक, दीवान-ए-आम की प्रोजेक्शन मैपिंग का काम करीब 10 दिन में पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद नवंबर में शो शुरू किया जा सकता है।

Related News

Share: