आजमगढ़ की वोटर लिस्ट पर बड़ा एक्शन, 6 कर्मचारी हटेंगे; 3 अफसरों पर जांच

505 readers

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की शिकायत के बाद आजमगढ़ की मतदाता सूची में नामों की कथित गड़बड़ी के मामले में निर्वाचन विभाग ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जांच में एक ही नाम ‘विकास यादव’ की 13 प्रविष्टियां मिलीं, लेकिन इनमें से सभी को एक ही व्यक्ति की फर्जी एंट्री मानने की पुष्टि नहीं हुई। विभाग ने छह कर्मचारियों को मतदाता सूची से जुड़े काम से हटाने और तीन वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।15 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया था कि आजमगढ़ की विधानसभा क्षेत्र संख्या 347 की मतदाता सूची में विकास यादव का नाम 10 बार दर्ज है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए निर्वाचन विभाग ने जिला निर्वाचन अधिकारी, आजमगढ़ से विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।

जांच में सामने आईं 13 प्रविष्टियां

जांच के दौरान आजमगढ़ की मतदाता सूची में हिंदी में ‘विकास यादव’ नाम की 13 प्रविष्टियां मिलीं। इनमें से दो प्रविष्टियां पहले ही हटाई जा चुकी थीं। शेष 11 प्रविष्टियां जिले के 11 अलग-अलग व्यक्तियों से संबंधित पाई गईं। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, ये सभी अपने-अपने गांवों में रह रहे हैं।वहीं, गोरखपुर जिले की चौरी चौरा विधानसभा सीट की मतदाता सूची में भी इसी नाम और पिता के नाम वाला एक मतदाता मिला। उसकी प्रविष्टि आजमगढ़ में मिली 13 प्रविष्टियों से अलग थी।

6 कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश

निर्वाचन विभाग ने मतदाता पंजीकरण केंद्र के कंप्यूटर सहायक और पांच बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को मतदाता सूची से जुड़े काम से तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। उनकी सेवाएं समाप्त करने के संबंध में नोटिस जारी करने को भी कहा गया है।इसके अलावा, संबंधित कंप्यूटर सहायक और बीएलओ के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 के तहत कार्रवाई से पहले नोटिस देने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित कर्मचारियों को अपना पक्ष रखने का अवसर देने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

तीन वरिष्ठ अधिकारियों पर भी होगी विभागीय जांच

मामले में लापरवाही की जिम्मेदारी केवल कर्मचारियों तक सीमित नहीं रखी गई है। तत्कालीन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और दो सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के खिलाफ भी विभागीय कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इन अधिकारियों को आरोपपत्र जारी किए जाएंगे। इनके खिलाफ धारा 32 के तहत कार्रवाई से पहले नोटिस देने के भी निर्देश हैं।

पूरे आजमगढ़ की मतदाता सूची की होगी जांच

निर्वाचन विभाग ने जिला निर्वाचन अधिकारी, आजमगढ़ को जिले की सभी विधानसभा सीटों की मतदाता सूचियों में इस तरह की विसंगतियों की विस्तृत जांच करने को कहा है। इसके लिए एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपनी होगी।जांच का उद्देश्य मतदाता सूची में नामों की पुनरावृत्ति, गलत वर्तनी, विवरण संबंधी त्रुटियों और डेटा एंट्री में संभावित लापरवाही की पहचान करना है, ताकि ऐसी गड़बड़ियों को दूर किया जा सके।

Related News

Share: