गंगा के ऊपर गरजे राफेल-सुखोई, मोदी ने देखा वायुसेना का शौर्य!

296 readers

वाराणसी। गंगा की लहरों के ऊपर आसमान में जब लड़ाकू विमानों ने रफ्तार पकड़ी, तो पूरा नमो घाट देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। कहीं राफेल और सुखोई की गर्जना सुनाई दी, तो कहीं तिरंगे के रंगों में सजे विमानों ने लोगों को रोमांचित कर दिया। भारतीय वायुसेना के शौर्य और सामर्थ्य की इस शानदार झलक के गवाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बने। रविवार को उन्होंने वाराणसी में आयोजित तीन दिवसीय एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ के अंतिम दिन वायुसेना के हैरतअंगेज हवाई करतब देखे। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। एक घंटे से अधिक समय तक चले एयर शो में लड़ाकू विमानों, हेलीकॉप्टरों और वायुसेना की एरोबेटिक टीमों ने अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।

तिरंगे के रंगों में दिखी ‘काशी फॉर्मेशन’ की झलक

एयर शो का सबसे आकर्षक दृश्य ‘काशी फॉर्मेशन’ रहा। इसमें तीन किरण विमानों ने वी आकार में उड़ान भरते हुए तिरंगे के रंगों की छटा बिखेरी। इस नजारे को देखकर दर्शकों ने तालियों और जयकारों से आसमान गूंजा दिया। वहीं, ‘ओमकार फॉर्मेशन’ के दौरान एमआई-17 हेलीकॉप्टरों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ उड़ान भरी। राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, स्वदेशी तेजस, मिग-29 और जगुआर जैसे लड़ाकू विमानों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही स्वदेशी हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंड और अन्य हेलीकॉप्टरों ने भी हवाई करतब दिखाए। सूर्य किरण एरोबेटिक टीम की सटीक उड़ान और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के रोमांचक करतब दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे।

‘हर-हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ से गूंजा परिसर

प्रधानमंत्री की मौजूदगी ने कार्यक्रम का उत्साह और बढ़ा दिया। उनके आगमन के दौरान पुलिस लाइंस से नमो घाट तक कई स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गई थी। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा, पारंपरिक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए उनका स्वागत किया। वाहन के फुटबोर्ड पर खड़े होकर प्रधानमंत्री ने भीड़ का अभिवादन किया। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’, ‘जय श्रीराम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे गूंजते रहे।

Related News

Share: