पशु आश्रय ढहाने पर एक्शन में CM रेखा गुप्ता, JE की जांच के आदेश; 5 लाख की मदद

259 readers

नई दिल्ली। राजधानी में निर्माणाधीन पशु आश्रय को ढहाए जाने के मामले में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सख्त रुख अपनाया है। पशु कल्याण कार्यकर्ता जागृति मिश्रा से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) के आचरण की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही, मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पुलिस को निर्देशित किया है। मुख्यमंत्री ने आश्रय के निर्माण में मदद के लिए जिला मजिस्ट्रेट को आवश्यक सहयोग देने और मिश्रा को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी आश्वासन दिया।मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को जागृति मिश्रा के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान पशु आश्रय ढहाए जाने की घटना और इसके बाद सामने आई समस्याओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार इस मामले में हरसंभव सहायता करेगी और कानून के मुताबिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जेई की भूमिका की होगी जांच

मुख्यमंत्री ने संबंधित जूनियर इंजीनियर के आचरण की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, पुलिस से मामले में जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने को कहा गया है। जिला मजिस्ट्रेट को भी निर्देश दिया गया है कि वह जागृति मिश्रा को पशु आश्रय स्थापित करने में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं।

राहत कोष से पांच लाख रुपये की मदद

घटना के बाद जागृति मिश्रा को आर्थिक सहारा देने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की सहायता देने का आश्वासन दिया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नागरिकों को परेशान करना और सरकारी अधिकारों का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।निर्माणाधीन पशु आश्रय को गिराए जाने की घटना ने पशुओं की देखभाल और उन्हें सुरक्षित ठिकाना उपलब्ध कराने के लिए काम करने वाले लोगों के सामने आने वाली चुनौतियों को फिर चर्चा में ला दिया है। अब मामले में जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Related News

Share: