आगरा। आगरा मंडल के आयुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह के शुक्रवार को सेवानिवृत्त होने के साथ ही उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आईएएस अधिकारी नगेन्द्र प्रताप को आगरा मंडल का नया आयुक्त नियुक्त किया है। नगेन्द्र प्रताप इससे पूर्व यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।
नगेन्द्र प्रताप आगरा मंडल की प्रशासनिक, विकासात्मक एवं सामाजिक चुनौतियों से अच्छी तरह परिचित हैं। वे पहले आगरा में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के पद पर रह चुके हैं। इसके अलावा मथुरा विकास प्राधिकरण के सचिव एवं ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के रूप में भी कार्य किया है। इस दौरान उन्होंने धार्मिक पर्यटन, शहरी विकास एवं आधारभूत ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स संभाले।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, आगरा मंडल में विकास, यातायात, पर्यटन, शहरी विस्तार, औद्योगिक निवेश एवं कानून-व्यवस्था जैसी जटिल चुनौतियों को देखते हुए शासन ने ऐसे अधिकारी को कमान सौंपी है जो क्षेत्र की नब्ज अच्छी तरह जानता हो। नए आयुक्त से विकास कार्यों में तेजी, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन एवं प्रशासनिक समन्वय की उम्मीद जताई जा रही है। खासकर पर्यटन नगरी आगरा में बुनियादी सुविधाएं, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट, औद्योगिक निवेश एवं ग्रामीण विकास उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी।
शासन ने शुक्रवार को कुल छह आईएएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए हैं। इसी क्रम में प्रशांत नागर को फिरोजाबाद का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें फिरोजाबाद विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष भी बनाया गया है। यह नियुक्ति फिरोजाबाद में शहरी विकास योजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।उपाध्यक्ष भी बनाया गया है। यह नियुक्ति फिरोजाबाद में शहरी विकास योजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।




