आगरा। थाना छत्ता की जीवनी मंडी पुलिस चौकी और किरावली पुलिस की कथित बर्बरता का शिकार हुए युवकों राजू पंडित और नरेंद्र कुशवाहा को अब तक न्याय न मिलने से कांग्रेस नेताओं और समाज में गहरा रोष व्याप्त है। इस मामले को लेकर शनिवार को महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसी पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे और आयुक्त की अनुपस्थिति में पुलिस उपायुक्त प्रोटोकॉल पूनम सिरोही को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राजू पंडित को किरावली पुलिस ने पूछताछ के नाम पर थाने में उल्टा लटकाकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसके दोनों पैर टूट गए। वहीं जीवनी मंडी पुलिस चौकी पर मामूली बात पर नरेंद्र कुशवाहा के पैरों पर डंडे मारे गए और कथित रूप से उसके पैर के नाखून तक उखाड़ दिए गए। चोटों के कारण राजू पंडित खेती का काम नहीं कर पा रहा है और दूध विक्रेता नरेंद्र कुशवाहा का कारोबार भी ठप हो गया है, जिससे दोनों परिवारों पर आर्थिक संकट आ गया है। महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं तो आम जनता में गलत संदेश जाता है। उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने दोनों पीड़ितों को इलाज के लिए पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की भी मांग की। ज्ञापन देने वालों में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पुलिस बर्बरता के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग
By Hariom Singh
Published On: January 17, 2026
---Advertisement---




