- प्रशासनिक अधिकारी बने मूक दर्शक
मलपुरा। थाना मलपुरा क्षेत्र के मलपुरा नहर सर्विस रोड पर अवैध रूप से डाला जा रहा कचरा स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। मंगलवार को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कचरे के ढेर में आग लगाने से आसपास के हरे-भरे पेड़ झुलस गए और पूरे क्षेत्र में घना धुआँ फैल गया। उठती दुर्गंध के कारण राहगीरों का निकलना तक मुश्किल हो गया है। लोग नाक-मुँह ढाँककर गुजरने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार रोहता चौराहा से मलपुरा और बिचपुरी तक जाने वाले सर्विस रोड पर फैक्ट्रियों का चमड़ा, नालियों का गंदा पानी, कीचड़ और अन्य कचरा लगातार डंप किया जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि सर्विस रोड पर आवाजाही का मार्ग भी कई स्थानों पर अवरुद्ध हो चुका है।
रालोद जिला उपाध्यक्ष के.पी. सिंह ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे कई बार नहर विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि कचरे के धुएँ और दुर्गंध से राहगीरों का जीना दुश्वार हो गया है। कचरे में मौजूद हानिकारक पदार्थ वातावरण को प्रदूषित कर रहे हैं और बीमारियों को जन्म दे रहे हैं, बावजूद इसके प्रशासन मौन है।
समाजसेवी गीतम सिंह भगौर ने बताया कि सर्विस रोड पर कचरे के ढेर आए दिन किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जला दिए जाते हैं, जिससे उठने वाला धुआँ हवा को विषाक्त बना रहा है। कई बार उन्होंने निजी खर्चे पर कचरा हटवाया और अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों राजेंद्र सिंह, कमल सिंह, मलखान सिंह और योगेंद्र सिंह ने बताया कि इसी मार्ग से रोजाना स्कूलों के बच्चे गुजरते हैं। दुर्गंध और धुएँ के कारण बच्चों में बीमारियाँ फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है, लेकिन अधिकारी ध्यान देने को तैयार नहीं हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही कचरा नहीं हटाया गया, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।





