दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए। मौसम विभाग का अलर्ट जारी
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के आसपास के इलाकों में बादल छाए हुए हैं। प्री-मानसून का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अनुमान जताया है कि 27 जून से पहले मानसून दस्तक दे सकता है। मंगलवार दोपहर को नोएडा और गाजियाबाद के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। जिससे वहां के लोगों को थोड़ी राहत मिली। वहीं दिल्ली अभी भी उमस और गर्मी से जूझ रही है। लोग बेसब्री से बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
मौसम विभाग ने तीन दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया था। जिसमें दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना जताई गई थी। लेकिन राजधानी में उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई। इसके बावजूद मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक-दो दिन में मानसून दिल्ली में प्रवेश कर सकता है। विभाग ने 29 जून तक लगातार बारिश की संभावना जताई है। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
सोमवार को दिल्ली के लोग उच्च आर्द्रता से परेशान रहे। अधिकतम आर्द्रता 89 प्रतिशत दर्ज की गई। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक 36.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री कम 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शाम 5:30 बजे तक केवल 0.41 मिमी बारिश दर्ज की गई। जो उमस को कम करने के लिए पर्याप्त नहीं थी।