पाइपलाइन टूटने से धंसी सड़क: पर्यटकों से भरा ई-रिक्शा पलटा
- ताजमहल मार्ग पर 4 दिन से बह रहा पानी
- बीजेपी नेता ने CM योगी से की जांच की मांग
आगरा। ताजमहल के मुख्य मार्ग पर गंगाजल पाइपलाइन टूटने से पिछले चार दिनों से गंभीर स्थिति बनी हुई है। लगातार पानी बहने के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और कई स्थानों पर जलभराव व कीचड़ फैल गया है। पर्यटन नगरी के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस सड़क पर अव्यवस्था के चलते सोमवार को पर्यटकों से भरा एक बैटरी रिक्शा (ई-रिक्शा) पलट गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पाइपलाइन से लगातार पानी रिसने के कारण सड़क की सतह बेहद कमजोर हो गई थी। कीचड़ और फिसलन की वजह से बैटरी रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए घायलों को रिक्शे से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। कुछ घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार भी दिलाया गया।
शिकायत के बाद भी जिम्मेदार विभाग मौन, पर्यटकों को परेशानी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइपलाइन टूटने की शिकायत कई बार संबंधित विभागों से की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लगातार बहते पानी से सड़क की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है, जिससे यहाँ बड़े हादसों का खतरा बढ़ गया है। दुनिया भर से ताजमहल आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को भी इस अव्यवस्था के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे पर्यटन नगरी की छवि प्रभावित हो रही है।
भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री से की कार्रवाई की मांग
इस गंभीर मामले को भाजपा ओबीसी (OBC) मोर्चा के प्रदेश सोशल मीडिया सदस्य प्रदीप राठौर ने प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही पाइपलाइन निर्माण और रखरखाव में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग भी की गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराई गई, तो आगे कोई बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से केवल स्थिति पर नजर रखने की बात कही जा रही है।