आगरा के थाना बरहन क्षेत्र के गांव बिरूनी की रहने वाली युवती ने पुलिस भर्ती परीक्षा दी। परिणाम जारी हुआ, तो उस लिस्ट में नाम न देखकर वो निराश हो गई। वर्दी न मिलने का गम इस कदर सता गया कि उसने फंदे पर लटक कर अपनी जान दे दी। पुलिस भर्ती परीक्षा में असफल होने पर बरहन के गांव बिरूनी में 21 वर्षीय युवती ने खुदकुशी कर ली। शुक्रवार को युवती ने परिणाम देखा तो दो अंक कम आने से वह सफल नहीं हो सकी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। हालांकि उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी।और अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गांव बिरूनी निवासी अरुण किसान हैं। शिवानी स्नातक पास कर चुकी थी। परिजन ने बताया कि उसने प्रदेश पुलिस में सिपाही नागरिक पुलिस के लिए अगस्त में आयोजित लिखित परीक्षा दी थी। बृहस्पतिवार को परीक्षा का परिणाम आया। शुक्रवार करीब 11:30 बजे शिवानी ने रिजल्ट देखा। उसमें उसका नंबर नहीं था।जनरल श्रेणी में उसके दो अंक कम आए थे। परिणाम देखने के बाद शिवानी तनाव में आ गई। वह पहली मंजिल पर बने अपने कमरे में चली गई। एक घंटे तक वो कमरे से बाहर नहीं आई तो परिजन को चिंता हुई। उसे कमरे में देखने गए तो वो फंदे पर लटकी मिली। यह देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
उसे फंदे से उतारा और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी माैत हो चुकी थी। दोपहर में रिश्तेदार और अन्य लोग आ गए। इसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस को जानकारी नहीं दी गई।