आगरा । थाना ताजगंज क्षेत्र अंतर्गत बसई चौकी इलाके में संचालित अवैध बार का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर मौके पर आबकारी विभाग की टीम आबकारी इंस्पेक्टर के साथ पहुंची, लेकिन कार्रवाई को लेकर विभाग की भूमिका सवालों के घेरे में आ गई।
बताया जा रहा है कि ताजनगरी फेस-1 स्थित ग्रांड फादर होटल के ऊपर संचालित रेस्टोरेंट एंड कैफे में बिना लाइसेंस के बार का संचालन किया जा रहा था। फतेहाबाद रोड स्थित इस रेस्टोरेंट के रूफटॉप पर डांस बार पार्टी चल रही थी, जबकि नीचे आबकारी विभाग की टीम औपचारिकताएं पूरी करती नजर आई।
सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान भी रूफटॉप पर पार्टी जारी रही, जिससे यह सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या आबकारी विभाग ने जानबूझकर सख्त कार्रवाई से परहेज किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेस्टोरेंट और कैफे की आड़ में लंबे समय से बिना लाइसेंस शराब परोसी जा रही है।
इस पूरे मामले ने आबकारी विभाग की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। अब देखना यह होगा कि उच्च अधिकारी इस मामले में क्या संज्ञान लेते हैं और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।





