रील बनाने के लिए बुलंद दरवाजा की सीढ़ियों पर चढ़ाई साइकिलें,पर्यटको ने कराए फोटो शूट,ASI पर उठे सवाल

विश्व धरोहर फतेहपुर सीकरी में रविवार सुबह बुलंद दरवाजा तक साइकिल और मोटर साइकिल पहुंच गईं। 52 सीढ़ी पर पर्यटकों ने साइकिल ले जाकर फोटो शूट भी कराया। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इसके बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने गाइड के काम करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। उसके विरुद्ध तहरीर दी जा रही है।आगरा के फतेहपुर सीकरी भ्रमण के लिए पहुंचे साइकिल राइडर्स के समूह ने प्रतिबंधित क्षेत्र में साइकिलों के साथ प्रवेश किया। इतना ही नहीं यहां पर फोटोग्राफी कराई और वीडियो भी बनाए गए।

विश्वदाय स्मारक फतेहपुर सीकरी में रविवार सुबह नियम तार-तार हो गए। साइकिल राइडर्स के समूह ने रील बनाने के लिए बुलंद दरवाजा की सीढि़यों पर साइकिलें चढ़ा दी। प्रतिबंधित क्षेत्र में फोटो और वीडियोग्राफी कराई। लापरवाही पर एक सुरक्षाकर्मी और समूह के साथ पहुंचे गाइड के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

संरक्षित स्मारक की 500 मीटर परिधि में वाहनों पर प्रतिबंध है। इस क्षेत्र में सिर्फ गोल्फ कार्ट संचालित होती हैं। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे 50 से अधिक साइकिल राइडर्स का समूह फतेहपुर सीकरी भ्रमण के लिए पहुंचा। साइकिल राइडर्स ने बुलंद दरवाजा की सीढि़यों पर साइकिलें चढ़ा दीं। साइकिलों के साथ रील बनाई। फोटो और वीडियोग्राफी कराई। इस समूह को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण से अधिकृत गाइड शरीफ लेकर पहुंचा था। फोटो व वीडियोग्राफी के दौरान सीढि़यों पर गाइड शरीफ मौजूद था। रील बनाना सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। प्रतिबंधित क्षेत्र में एएसआई व सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही सामने आई।

अधीक्षण पुरातत्वविद राज कुमार पटेल के अनुसार गाइड का लाइसेंस जब्त किया है। गाइड पर प्रतिबंध लगाया है। उसके खिलाफ पुलिस थाना में तहरीर दी गई है। साथ ही, बुलंद दरवाजा पर जिस निजी कंपनी के सुरक्षाकर्मी की ड्यूटी लगाई थी। वह उस समय ड्यूटी पर मौजूद नहीं था। ऐसे में सुरक्षाकर्मी की सेवा समाप्त करने के लिए संबंधित कंपनी को नोटिस भेजा है। बता दें कि फतेहपुर सीकरी में आए दिन पर्यटकों से धोखाधड़ी के मामले भी सामने आ रहे हैं। शनिवार को एक गाइड ने स्मारक घुमाने के बहाने दरगाह पर पर्यटक दंपती को गुमराह कर 1100 रुपये की चादर चढ़वा दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *