ग्राम अरहेरा में आयोजित हुई आरक्षण जागृति सभा
सैकड़ों महिला पुरुष हुए ग्राम शामिल
फतेहपुर सीकरी। अखिल भारतीय जाट महासभा के तत्वावधान में रविवार आज गांव अरहेरा में एक आरक्षण को लेकर जागृति सभा का आयोजन हुआ। इस सभा में जाट समाज के सैकड़ों पुरुष, महिलाएं, युवा एवं बुजुर्ग एकजुट होकर शामिल हुए।
सभा का मुख्य उद्देश्य जाट समाज को केंद्रीय सेवाओं एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में शामिल करने की लंबित मांग को पुनः तेज करना तथा समाज में जागरूकता फैलाना था।
सभा की अध्यक्षता मास्टर राजेंद्र सिंह चाहर व वीरेंद्र प्रधान ने की। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष सादाबाद विधायक प्रताप सिंह चौधरी ने संबोधन में कहा कि जाट समाज – जो देश की रीढ़, किसानों का हितेषी एवं योद्धाओं की विरासत का धनी है आज भी आर्थिक, शैक्षिक एवं सामाजिक रूप से पिछड़ेपन का शिकार है। बेरोजगारी की मार, शिक्षा की कमी एवं सरकारी नौकरियों में सीमित अवसरों के कारण हमारे युवा संघर्षरत हैं। कार्यक्रम के आयोजक यतेंद्र चाहर ने महाराजा सूरजमल, चौधरी चरण सिंह जैसे महान पूर्वजों की बहादुरी को याद करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि सरकार हमारी जायज मांग सुने और जाटों को ओबीसी आरक्षण प्रदान करे। कार्यक्रम का कुशल संचालन वीरेंद्र छौंकर ने किया । सभा में निम्नलिखित प्रमुख मांगें सर्वसम्मति से रखी गईं जिसमें केंद्रीय सूची में जाट समाज को ओबीसी श्रेणी में तत्काल शामिल किया जाए,
राज्य स्तर पर पहले से लागू आरक्षण को मजबूत एवं प्रभावी बनाया जाए।
2016 के आरक्षण आंदोलन में दर्ज मुकदमों की वापसी एवं प्रभावित परिवारों को न्याय। जाट युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार एवं कौशल विकास में विशेष पैकेज।
कार्यक्रम में कैप्टन ओमप्रकाश सिंह के पुत्र सियाराम सिंह चाहर ने नोबल दून डिफेंस एकेडमी देहरादून में जाट समाज के सभी 12वी पास युवाओं को फ्री NDA कोचिंग कराने की घोषणा की । सभा में युवाओं, महिलाओं एवं खाप प्रतिनिधियों ने एक स्वर में हुंकार भरी कि जाट समाज अब चुप नहीं रहेगा। हम एकजुट होकर, शांतिपूर्ण लेकिन दृढ़ संकल्प के साथ अपनी लड़ाई लड़ेंगे। गांव-गांव, शहर-शहर तक यह जागृति फैलाई जाएगी। सोशल मीडिया, जनसभाओं एवं संगठित प्रयासों से दिल्ली तक अपनी आवाज पहुंचाई जाएगी।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर, युवा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, मोहन सिंह चाहर,राजेश चौधरी, नेम सिंह फौजदार, चौधरी नवल सिंह, गजेंद्र नरवार, चौधरी गुलवीर सिंह, महिला जिलाध्यक्ष निर्मल चाहर, महानगर महामंत्री भारत सिंह कुंतल,लक्ष्मी चौधरी, तहसील अध्यक्ष जिगनेश कहरवार, योगेश चाहर, मोहन सिंह चाहर ,जतिन चाहर,सत्यवीर चौधरी योगेश चाहर डीग, जीडी चाहर, निशा चौधरी आदि मौजूद रहे।





