---Advertisement---

शराब ठेके से बिगड़ा माहौल, विजयगढ़ी ताल की महिलाएं उतरीं विरोध में

Published On: January 20, 2026
---Advertisement---

बाह (आगरा)।ग्राम विजयगढ़ी ताल के जाटव मोहल्ला बलाई में देशी शराब व बीयर के ठेके को लेकर ग्रामीणों, खासकर महिलाओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। ठेके से उत्पन्न हो रही समस्याओं के विरोध में दलित सुरक्षा संगठन के संस्थापक सम्राट देवेश बौद्ध के नेतृत्व में स्थानीय महिलाओं ने उपजिलाधिकारी बाह संतोष कुमार शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर ठेका हटाने की मांग की।महिलाओं ने प्रशासन को दिए गए शिकायत पत्र में बताया कि ठेके के कारण क्षेत्र का माहौल बिगड़ गया है। शराब के नशे में लोग आए दिन गाली-गलौज, अभद्र भाषा और झगड़े करते हैं। विरोध करने पर वे मारपीट पर उतारू हो जाते हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों को असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि भय के कारण कई परिवार सामान्य जीवन जीने में भी कठिनाई महसूस कर रहे हैं।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि नशे की वजह से घरेलू विवाद बढ़ रहे हैं, जिसका असर परिवारों पर पड़ रहा है। महिलाओं ने प्रशासन से आग्रह किया कि सामाजिक शांति और सुरक्षा को देखते हुए ठेके को तत्काल हटाया जाए, ताकि मोहल्ले का माहौल सामान्य हो सके।
ग्रामीण महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि देशी शराब और बीयर का ठेका शीघ्र नहीं हटाया गया तो वे सामूहिक आंदोलन को तेज करेंगी। साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। महिलाओं ने जिला प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर ठेका हटाने की मांग दोहराई।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच व विचार-विमर्श की प्रक्रिया जारी बताई जा रही है।

---Advertisement---

Leave a Comment