आगरा। नगर निगम और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा शनिवार को सिकंदरा मंडी से गुरुद्वारा तक हाईवे किनारे अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त रूप से व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान फुटपाथ और हाईवे की भूमि पर अवैध रूप से लगाए गए टिन शेड, खोखे, काउंटर, दुकानों के बोर्ड सहित अन्य अस्थायी और स्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई की गति और सख्ती इतनी अधिक रही कि पूरे दिन हाईवे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया तथा कई स्थानों पर यातायात भी प्रभावित हुआ। अभियान के दौरान आरजे इमरजेंसी हॉस्पिटल के कर्मचारियों द्वारा बोर्ड हटाए जाने पर विरोध और हंगामा करने का प्रयास किया गया, लेकिन मौके पर तैनात भारी पुलिस बल के सामने उनके मंसूबे कामयाब नहीं हो सके। वहीं रॉयल एनफील्ड एजेंसी के कर्मचारियों ने बोर्ड हटाने के विरोध में जेसीबी के आगे खड़े होकर काफी हंगामा किया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से इस अभियान में घटना प्रबंधक दीपक कसाना प्रवर्तन दल के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। अधिकारियों ने बताया कि हाईवे किनारे अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम प्रशासन ने भी दो टूक कहा कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा
सिकंदरा मंडी से गुरुद्वारा तक अतिक्रमण हटाओ अभियान, मचा हड़कंप
By Hariom Singh
Published On: January 17, 2026
---Advertisement---




