---Advertisement---

एसएन होम स्टे हत्याकांड चार दिन बाद भी अंधेरे में पुलिस,रंगबाज राज चौहान की हत्या का खुलासा नहीं,

Published On: January 27, 2026
---Advertisement---

सात गोलियों से छलनी हुआ राज, सीसीटीवी और वीडियो होने के बावजूद खाली हाथ पुलिस

आगरा। ट्रांस यमुना क्षेत्र स्थित एसएन होम स्टे में हुए चर्चित हत्याकांड को चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। रंगबाज छवि वाले राज चौहान की सात गोलियों से भूनकर की गई हत्या अब तक रहस्य बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि होटल में सीसीटीवी कैमरे और मौके के वीडियो उपलब्ध होने के बावजूद न तो शूटर पकड़े गए हैं और न ही हत्या की साजिश का खुलासा हो सका है।
सूत्रों के मुताबिक, वारदात की रात होटल में शराब पार्टी चल रही थी। इसी दौरान पहले कहासुनी, फिर मारपीट हुई और देखते ही देखते मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिससे राज चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी आसानी से फरार हो गए।
जांच में लापरवाही का असर, ट्रांस यमुना थाना प्रभारी हटाए गए
हत्या के खुलासे में देरी और शुरुआती जांच में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने ट्रांस यमुना थाना प्रभारी को हटा दिया है। इसे पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
राज चौहान का आपराधिक सफर भी कम चौंकाने वाला नहीं रहा। कुछ ही सालों में उसने रंगबाजी और गैंग गतिविधियों के जरिए इलाके में अपनी दहशत कायम कर ली थी। बताया जाता है कि उसके दादा की हत्या के बाद वह अपराध की दुनिया में उतरा और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। जेल से छूटने के बाद खुलेआम जुलूस निकालना और प्रभाव दिखाना उसकी पहचान बन गया था, जिस पर पुलिस की निष्क्रियता भी सवालों के घेरे में है।
इस हत्याकांड के बाद ट्रांस यमुना क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग गैंगवार की आशंका जता रहे हैं और रात के समय बाहर निकलने से कतरा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, लेकिन अब तक न तो शूटर पकड़े गए हैं और न ही हत्या की साजिश रचने वालों का सुराग मिला है।जिस होटल में यह वारदात हुई, वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे। न तो एंट्री रजिस्टर की ठीक से जांच हुई और न ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। पुलिस अब होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कर रही है।कुल मिलाकर, यह हत्याकांड न सिर्फ पुलिस की कार्यप्रणाली बल्कि शहर की कानून-व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।

---Advertisement---

Leave a Comment