फतेहाबाद। नवागत थाना निबोहरा प्रभारी बृजेश कुमार गौतम ने पदभार ग्रहण करते ही कानून व्यवस्था को मजबूत करने और जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर से लेकर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। गश्त के दौरान थाना प्रभारी बृजेश कुमार गौतम ने महिला सशक्तिकरण को लेकर महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। महिलाओं को निर्भीक होकर अपराध के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई। साथ ही, ग्रामीणों को नए कानूनों की जानकारी देते हुए बताया गया कि छोटे-मोटे अपराधों से लेकर गंभीर मामलों तक पुलिस किस प्रकार कार्रवाई करती है और आमजन को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
थाना निबोहरा प्रभारी बृजेश कुमार गौतम के इस दौरान दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों की सघन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया और बिना हेलमेट वाहन चलाने के खतरों के बारे में बताया गया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हेलमेट पहनना ना सिर्फ कानूनी बाध्यता है, बल्कि यह जीवन रक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें और कानून का पालन करें। इस अभियान से ग्रामीणों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है और क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सकारात्मक माहौल बना है।





