---Advertisement---

तीन बच्चों का संकल्प बना सम्मेलन का संदेश, खेरागढ़ में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन

Published On: January 31, 2026
---Advertisement---

खेरागढ़। नगर में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन की शुरुआत श्रद्धा और संस्कार के साथ हुई। सम्मेलन से पूर्व अतिथियों ने गौमाता का पूजन किया तथा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहा।
सम्मेलन में सैकड़ों की संख्या में हिंदू समाज के लोग शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक एकता और राष्ट्रहित के विषयों पर जागरूकता फैलाना रहा। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, अनुशासन और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री राजेश ने अपने ओजस्वी संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की शताब्दी यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ की यह यात्रा सेवा, त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरक मिसाल है, जिसने समाज को संगठित करने और सामाजिक समरसता को मजबूत किया है।
उन्होंने समाज से आह्वान किया कि हर हिंदू परिवार तीन बच्चों का संकल्प लेकर यहां से जाए, ताकि समाज सशक्त और संतुलित बना रहे। संगठित हिंदू समाज को उन्होंने देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताया।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि प्रसिद्ध कथावाचक सुनील कौशल महाराज ने अपने संबोधन में सनातन संस्कृति की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदू समाज की पहचान उसके संस्कार और परंपराओं से है। उन्होंने हिंदू परिवारों में संतान वृद्धि पर भी बल देते हुए कहा कि जागरूक, संस्कारित और संतुलित परिवार समाज की मजबूती का आधार होते हैं।
साथ ही उन्होंने अखंड भारत की अवधारणा पर बोलते हुए कहा कि यह केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और वैचारिक एकता का संकल्प है, जो समाज के आत्मगौरव से साकार होता है। उन्होंने युवाओं से धर्म और राष्ट्र के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में हरिहरानंद महाराज,सतीश गोयल, डॉ अरुणा और बबिता पाठक मंचासीन रहे। आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का सम्मान किया गया। सम्मेलन का समापन जयघोष और धर्म, समाज व राष्ट्र के लिए एकजुट रहने तथा तीन बच्चों के संकल्प के संदेश के साथ हुआ।

---Advertisement---

Leave a Comment