- दो दर्जन से अधिक बंदर पकड़े
आगरा। शहर में बंदरों की बढ़ती संख्या और उनसे हो रही परेशानी को देखते हुए नगर निगम ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान निगम की टीम ने दो दर्जन से अधिक बंदरों को सुरक्षित तरीके से पकड़ा। लंबे समय से बंदरों के उत्पात से कर्मचारी, वादकारी और आम लोग परेशान थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद निगम ने यह अभियान चलाया। पशु पकड़ने वाली प्रशिक्षित टीम सुबह से ही परिसर में तैनात रही और सभी बंदरों को बिना नुकसान पहुंचाए पकड़ा गया। अभियान समाप्त होने के बाद पकड़े गए सभी बंदरों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत मंकी सेंटर ले जाया गया। पशु कल्याण अधिकारी डॉक्टर अजय कुमार सिंह ने बताया कि शहर के अन्य इलाकों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि लोगों को बंदरों के आतंक से राहत मिल सके। कलेक्ट्रेट परिसर से बंदर हटाए जाने के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली और निगम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।





