नाई की मंडी के होटल मार्क रॉयल में वारदात, पुलिस जांच में जुटी
आगरा। नाई की मंडी क्षेत्र स्थित होटल मार्क रॉयल में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शादी की खुशियों के बीच चोर ने होटल के एक कमरे को निशाना बनाते हुए वहां रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि पीड़ित पक्ष शादी समारोह में व्यस्त था, इसी दौरान अज्ञात चोर ने मौके का फायदा उठाते हुए होटल के कमरे में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो नकदी गायब मिली, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर नाई की मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोर की पहचान की जा सके। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शादी सीजन शुरू होते ही शहर में चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा देखा जा रहा है। खासतौर पर होटलों और मैरिज होम्स में मेहमानों की आवाजाही का फायदा उठाकर चोर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी समारोह के दौरान नकदी और कीमती सामान को लेकर विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दे।





