आगरा। खंदौली के गांव उजरई कलां स्थित त्रिलोक धाम कॉलोनी में ठेकेदार दिनेश कुमार के घर रात बदमाशों ने डकैती डाल दो लाख रुपए और लाखों के जेवरात ले गए थे। शुक्रवार की सुबह दबिश देने गई पुलिस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने इनके कब्जे से तमंचे के साथ ठेकेदार के घर से लूटे गए सोने के कुंडल और नकदी भी बरामद की है। पीड़ित ठेकेदार ने बताया था कि बदमाशों की संख्या छह थी। इसमें से पांच को पुलिस ने मुठभेड़ में शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार रात को त्रिलोक धाम कालोनी उजरई जाट के बिल्डिंग ठेकेदार दिनेश सिंह के घर बदमाशों ने धावा बोल दिया था। परिवार में उनकी पत्नी मंजू, नौ वर्ष की बेटी मोहनी, छह वर्ष की डिंपल, चार वर्ष का रोहित और तीन महीने का बेटा ऋषभ है। आधा दर्जन बदमाश घर की पिछली दीवार पर सीढ़ी रख कर मकान पर चढ़ गए थे। बदमाशों ने घर में घुसते ही परिवार के लोगों को तमंचे और चाकू के बल पर बंधक बना लिया। चाबी के लिए परिवार के सदस्यों को मारा गया। कमरे में बंद कर दिया था। दो बदमाश तमंचा लेकर उनकी निगरानी करते रहे। बाकी बदमाश एक घंटे तक घर में लूटपाट करते रहे। बदमाशों के जाने के बाद रात दो बजे दिनेश ने 112 नंबर पर फोन करके पुलिस को सूचना दी थी।
डीसीपी ईस्ट सोनम कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली की खंदौली में लूट करने वाले बदमाश भागने की फिराक में है। पुलिस ने उनकी घेराबंदी की। बदमाश अपने बाइकों पर भागे। पुलिस ने उनका पीछा किया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। जिसमें जवाबी फायरिंग में बदमाशों के पैरों में गोली लगी। सभी को इलाज के लिए हॉस्पिटल भेजा गया है।घटनास्थल से 5 तमंचा .315 बोर, 5 जिंदा कारतूस, 5 खोखा कारतूस, 5 मोबाइल, 2 सोने के कुंडल(पीली धातु), 1 गाड़ी और 1500 रुपए बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ में शाहरुख पुत्र शादिक अली, सलमान पुत्र जाफर, शाहिद पुत्र शमसाद, चमन खान पुत्र सुलेमान खां और लाल मोहम्मद पुत्र हबीब खान को गिरफ्तार किया है। सभी बदमाश हाथरस जिले के रहने वाले हैं।