ट्यूबवेल की कोठरी से चोरी करने वाले 3 शातिर चोर दबोचे
फतेहाबाद। निबोहरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान खेतों पर बनी ट्यूबवेल की कोठरी का ताला तोड़कर झटका मशीन और केबल चोरी करने वाले तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6.7 किलोग्राम तांबे का तार, एक झटका मशीन और 21 मीटर लंबा एल्युमिनियम का तार बरामद किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक निबोहरा बृजेश कुमार गौतम ने बताया कि 22 अप्रैल को रामकुमार (निवासी सलेमपुर मुड़िया, थाना निबोहरा) ने तहरीर देकर बताया था कि शाम 7:00 बजे जब वे अपने खेत पर लगे ट्यूबवेल पर पहुंचे, तो देखा कि अज्ञात चोर कोठरी का ताला तोड़कर वहाँ रखी झटका मशीन और केबल चोरी कर ले गए हैं। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था।
मुखबिर की सूचना पर रामगढ़ के पास से दबोचे गए आरोपी
शनिवार की रात 8:30 बजे चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने रामगढ़ के पास से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रामसनेही, छविराम (निवासी धरियाई, थाना निबोहरा) और सुभाष (निवासी रामनगर, थाना लाइनपार, फिरोजाबाद) बताए।
पुलिस की कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की इस घटना को पूरी तरह कबूल कर लिया है। चोरों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार गौतम, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, बादल चौहान और विजय कपाड़िया मुख्य रूप से शामिल रहे।