आगरा। शहर के व्यस्त किनारी बाजार में ज्वैलर्स को चकमा देकर शातिर चोरों ने दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। कमला नगर, आगरा निवासी एक ज्वैलर्स की किनारी बाजार स्थित दुकान ‘अरिहंत आर्नामेंट्स’ से करीब 80 ग्राम सोने की चेन (कीमत लगभग 15 लाख रुपये) चोरी कर ली गई।
जानकारी के मुताबिक 31 जनवरी को दो युवक बाइक से किनारी बाजार पहुंचे और ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए। चेन देखने के बहाने एक आरोपी ने बड़ी चालाकी से सोने की चेन उंगलियों में दबाकर जेब में रख ली। इसी दौरान दूसरे आरोपी ने कर्मचारी को किसी बहाने से बाहर बुला लिया, ताकि अंदर चोरी आसानी से हो सके।
चोरी का खुलासा उस समय हुआ जब तौल के दौरान डिब्बे का वजन कम निकला। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें दोनों युवक चोरी करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। डीसीपी सिटी के निर्देश पर संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान व तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी से किनारी बाजार के व्यापारियों में दहशत है। व्यापारियों ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ाने की मांग की है।




