आगरा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान जारी है। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने आगरा उत्तर विधानसभा के गणपति अपार्टमेंट्स और कॉलोनी में घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद किया और अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सही और अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती का आधार है।
अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने बूथ संख्या 207 और 208 के मतदाताओं से बातचीत की। उन्होंने एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज मतदाताओं, नवविवाहितों और नए निवासियों की जानकारी एकत्र करने पर जोर दिया। संकलित डेटा से परिवारों और व्यक्तियों की सटीक मैपिंग की जा रही है, ताकि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने बीएलओ अंकुश गौतम और श्रीमती नजमा बेगम से प्रगति जानी तथा मैपिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। अभियान 4 नवंबर से शुरू होकर 4 दिसंबर तक चलेगा।
जनपद में डिस्ट्रिक्ट कान्टेक्ट सेंटर (DCC) स्थापित किया गया है, जो 4 नवंबर से सक्रिय है। इसमें कॉल रिकॉर्डिंग, सीसीटीवी, कंप्यूटर, स्कैनर और प्रिंटर की सुविधा है। कार्य दिवसों में सुबह 8 से शाम 8 बजे तक स्टाफ तैनात है। लैंडलाइन नंबर 0562-2250170 और टोल-फ्री 1950 पर जानकारी ली जा सकती है।
एडीएम सिटी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, एसीएम द्वितीय/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विनोद कुमार, सुपरवाइजर जीवेन्द्र प्रकाश तथा बीएलओ अंकुश गौतम (भाग 207) और नजमा बेगम (भाग 208) उपस्थित रहे।





