पहली बारिश में डूबी लालपुर की सड़क, जान जोखिम में डालकर गुजर रहे लोग
खेरागढ़
विकास खंड के गांव लालपुर की बदहाल सड़क और जलभराव ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। तहसीलदार वाले कुएं से मेन रोड लालपुर को जोड़ने वाले मार्ग पर जलभराव होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। पानी से सड़क और पोखर का अंतर तक दिखाई नहीं देता, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।
लालपुर के रहने वाले रामगोपाल सिंह ने शनिवार को एसडीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि सतेंद्र सिंह के मकान के पास स्थित तालाब में अधिक पानी भर जाने से मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया है। इस रास्ते से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, राहगीर और दोपहिया वाहन चालक गुजरते हैं, लेकिन पानी भरे होने के कारण गड्ढों में कई वाहन फंस जाते हैं और बाइक सवार गिरकर चोटिल भी हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता कई गांवों को जोड़ता है जलभराव के कारण रोजाना जाम जैसी स्थिति बन रही है और लोगों को मजबूरी में जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है। मामले में एसडीएम ने समस्या निस्तारण के बीडीओ खेरागढ़ निर्देश दिए हैं।