आगरा के सुभाष बाजार में बड़ा हादसा: मूसलाधार बारिश के बीच नाले पर बनी दो मंजिला दुकान ढही, कई लोगों के दबे होने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

131 readers

आगरा। ताजनगरी आगरा में जारी भारी बारिश के बीच बुधवार की दोपहर थाना मंटोला के अंतर्गत आने वाले व्यस्ततम सुभाष बाजार में एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ नाले के ऊपर बनी एक दो मंजिला दुकान अचानक भरभरा कर ढह गई। दुकान के अचानक गिरने से पूरे बाजार में अफरा-तफरी और मलबे का ढेर लग गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस मलबे में करीब 4 से 5 लोगों के दबे होने की गंभीर आशंका जताई जा रही है।

तीन लोगों को मलबे से निकाला बाहर, डीसीपी सिटी मौके पर पहुंचे

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, नगर निगम की टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंच गईं। मुस्तैदी से शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत अब तक तीन लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हादसे की संवेदनशीलता को देखते हुए डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास भी दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए हैं और अपनी निगरानी में राहत कार्य को गति दे रहे हैं।

बाजार आई महिला घायल, बुजुर्ग मां की तलाश जारी

इस हादसे में थाना सैंया क्षेत्र के नगला तेजा की रहने वाली अनीता नामक एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसके सिर में चोट आई है। बताया जा रहा है कि अनीता अपनी अबोध बच्ची और अपनी मां गंगा देवी के साथ बाजार में खरीदारी करने आई थी। गनीमत रही कि उसकी मासूम बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन मलबे में लापता उसकी मां गंगा देवी की तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। फिलहाल क्षेत्रीय लोग और प्रशासन मिलकर मलबे को हटाने और अन्य संभावित दबे हुए लोगों को ढूंढने में जुटे हुए हैं।

Related News

Share: