आगरा में शादियों के सीजन पर पुलिस का बड़ा फैसला! फतेहाबाद रोड और एमजी रोड पर बारात निकालने पर रोक

326 readers

आगरा। ताजनगरी आगरा में शादी समारोहों का सीजन शुरू होने से पहले ही यातायात पुलिस ने जाम की समस्या से निपटने के लिए सख्त तैयारी शुरू कर दी है। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल फतेहाबाद रोड और एमजी रोड पर अब बारात निकालने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस के इस फैसले से शादी समारोह आयोजित करने वाले लोगों को अपनी तैयारियों में बदलाव करना पड़ सकता है।

क्यों लिया गया फैसला?

दरअसल, 20 नवंबर से देवोत्थान एकादशी के साथ ही शादियों का सीजन शुरू हो रहा है। फतेहाबाद रोड पर बड़ी संख्या में मैरिज होम और होटल स्थित हैं। यहां शादी समारोहों के दौरान वाहनों की भारी भीड़ उमड़ती है, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग जाता है।

वहीं, एमजी रोड पर भी वाहनों का दबाव अधिक रहता है। इसके अलावा मेट्रो निर्माण कार्य के चलते कई स्थानों पर पहले से ही यातायात प्रभावित रहता है।

फतेहाबाद रोड पर कई कट भी होंगे बंद

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस फतेहाबाद रोड के कई कट बंद करने की तैयारी में है। जिन दिनों शादी समारोहों की संख्या अधिक होगी, उन दिनों नो एंट्री के समय में भी बदलाव किया जा सकता है।

मैरिज होम के बाहर नहीं होगी पार्किंग

पुलिस ने एमजी रोड और फतेहाबाद रोड स्थित मैरिज होम संचालकों को निर्देश दिए हैं कि शादी समारोह में आने वाले मेहमानों के वाहनों की पार्किंग मैरिज होम परिसर के अंदर अथवा निर्धारित स्थान पर कराई जाए। सड़क पर वाहन खड़े होने से यातायात बाधित नहीं होना चाहिए।

शादियों में चोरी की घटनाओं पर भी नजर

शादी समारोहों के दौरान दुल्हन पक्ष के शगुन के लिफाफों और कीमती सामान की चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील भी की है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा गया है।

अब देखना होगा कि आगरा पुलिस की इस नई व्यवस्था से शादी के सीजन में शहरवासियों को जाम से कितनी राहत मिलती है।

Related News

Share: