डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का सख्त रुख: समय पर प्रैक्टिकल और इंटरनल अंक अपलोड न करने वाले विभागों को अल्टीमेटम, रुक सकते हैं रिजल्ट और मेडल

4 readers

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (पूर्ववर्ती आगरा विश्वविद्यालय) प्रशासन ने आवासीय परिसर के उन सभी संस्थानों और विभागों को कड़ी चेतावनी जारी की है, जिन्होंने निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी कुछ पाठ्यक्रमों के प्रयोगात्मक (प्रैक्टिकल) और आंतरिक (इंटरनल) परीक्षाओं के अंक विश्वविद्यालय के परीक्षा पोर्टल पर अपलोड नहीं किए हैं। परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, इस लापरवाही के कारण संबंधित छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम समय पर घोषित करने में गंभीर बाधा आ रही है।

दीक्षांत समारोह की तैयारियों में आ सकती है रुकावट

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी दीक्षांत समारोह के लिए पदक (मेडल), मेरिट सूची और अन्य शैक्षणिक सम्मान तय करने की प्रक्रिया इस समय तेजी से चल रही है। ऐसी स्थिति में, यदि कोई भी संस्थान या विभाग अपने छात्रों के प्रैक्टिकल और इंटरनल अंक समय पर पोर्टल पर फीड नहीं करता है, तो उसके छात्रों के परिणाम, मेडल निर्धारण और मेरिट सूची तैयार करने के काम में देरी होगी।

लापरवाही पर विभाग खुद होंगे जिम्मेदार

नोटिस में साफ तौर पर चेतावनी दी गई है कि यदि इस देरी की वजह से कोई भी छात्र या छात्रा किसी भी प्रकार के शैक्षणिक लाभ अथवा पदक (मेडल) की दौड़ से वंचित रह जाता/जाती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संस्थान या विभागाध्यक्ष की होगी।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ने छात्रहित, शैक्षणिक कैलेंडर और प्रस्तावित दीक्षांत समारोह की समयबद्धता को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित निदेशकों व विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि जिन भी विषयों के अंक अभी तक बकाया हैं, उन्हें बिना किसी देरी के हर हाल में परीक्षा पोर्टल पर तुरंत अपलोड करना सुनिश्चित करें।

Related News

Share: