विवि कर्मचारी संघ की राजनीति का बदला ‘सिलेबस’, अनिल बने अध्यक्ष

10 readers

लगातार छह बार से अध्यक्ष रहे अखिलेश चौधरी का तिलिस्म टूटा

तीसरी बार चुनाव में अनिल श्रीवास्तव को मिली संघ की ताजपोशी

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ की राजनीति का ‘सिलेबस’ बुधवार को बदल गया। कर्मचारी संघ के चुनाव में लगातार छह बार से अध्यक्ष रहे अखिलेश चौधरी का तिलिस्म टूट गया। उन्हें चुनाव में हराते हुए अनिल श्रीवास्तव की अध्यक्ष पद पर ताजपोशी हो गई। वहीं महामंत्री पद पर सुमित चौधरी ने जीत हासिल कर अपनी मजबूत दावेदारी साबित कर दी। चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। कर्मचारी नेताओं ने इसे विश्वविद्यालय कर्मचारी राजनीति में बदलाव का संकेत बताया।

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में कर्मचारी संघ के पांच पदों—अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, सहमंत्री (संयुक्त सचिव) और कोषाध्यक्ष—के लिए बुधवार को मतदान कराया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कुल 347 मतदाताओं में से 344 कर्मचारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे चुनाव में लगभग शत-प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।

इस बार कर्मचारी संघ चुनाव को लेकर काफी समय तक असमंजस बना रहा। चुनाव तिथि घोषित कराने के लिए अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अनिल श्रीवास्तव और महामंत्री पद के प्रत्याशी सुमित चौधरी को धरने पर भी बैठना पड़ा था। काफी प्रयासों के बाद चुनाव कार्यक्रम घोषित हुआ और पांच पदों के लिए कुल 17 प्रत्याशी मैदान में उतरे।

अध्यक्ष पद पर अनिल श्रीवास्तव ने 194 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अखिलेश चौधरी को 140 मत मिले। इस हार के साथ अखिलेश चौधरी का लगातार जीत का क्रम भी टूट गया। अखिलेश चौधरी लगातार छह बार से अध्यक्ष निर्वाचित होते आ रहे थे। कर्मचारी राजनीति में उनका व्यापक प्रभाव रहा है। अनिल श्रीवास्तव इससे पहले कई बार कर्मचारी संघ का चुनाव लड़ चुके थे। चार बार महासचिव पद के लिए प्रत्याशी बने लेकिन दो बार ही सफलता मिली। अध्यक्ष पद के लिए वे विगत दो बार से चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन सफलता नहीं मिली। अब पहली बार उन्हें अध्यक्ष बनने का अवसर मिला। परिणाम घोषित होने के बाद उनके समर्थकों ने मिठाई बांटकर और नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया।

महामंत्री पद पर सुमित चौधरी की जीत

महामंत्री पद पर सुमित चौधरी ने 151 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी निखिल शर्मा को 111 मत, जबकि संजय चौहान को 67 मत मिले। सुमित चौधरी की जीत भी पहले से लगभग तय मानी जा रही थी और कर्मचारियों का उन्हें व्यापक समर्थन मिला।

अन्य पदों के परिणाम

उपाध्यक्ष पद पर आशु सिंह ने 188 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि कुलदीप यादव को 142 मत मिले। सहमंत्री (संयुक्त सचिव) पद पर राहुल पचौरी ने 159 मत हासिल कर विजय प्राप्त की। उनके मुकाबले प्रभाशंकर को 98 मत तथा राहुल चाहर को 73 मत मिले।कोषाध्यक्ष पद पर मुकाबला बेहद रोचक रहा। इसमें ईशान शर्मा ने 88 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। अन्य प्रत्याशियों में कालीचरण यादव को 87 मत, पवन कुशवाहा को 73 मत, अशोक कुमार को 44 मत तथा निशांत पचौरी को 34 मत मिले।

चुनाव अधिकारी ने बताया शांतिपूर्ण रहा मतदान

चुनाव अधिकारी प्रो. बृजेश रावत ने बताया कि कर्मचारी संघ का चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुआ। मतदान और मतगणना दोनों प्रक्रियाएं बिना किसी विवाद के पूरी हुईं।

मेरा पहला लक्ष्य कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं का समाधान कराना होगा।

- अनिल श्रीवास्तव

नवनिर्वाचित अध्यक्ष, कर्मचारी संघ

Related News

Share: