यूपी चुनाव 2027: सपा ने जारी की 5 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, जानिए किसे कहां से मिला टिकट

7,451 readers

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने चुनावी तैयारियों को धार देते हुए अपने पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिमी यूपी से लेकर बुंदेलखंड तक पांच विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं।

खास बात यह है कि सपा ने यह सूची कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत के बीच जारी की है। ऐसे में गठबंधन की राजनीति में भी इस फैसले को अहम माना जा रहा है।

सपा के पांच उम्मीदवारों की पूरी लिस्ट

समाजवादी पार्टी ने जिन पांच नेताओं को उम्मीदवार बनाया है, उनके नाम और विधानसभा सीटें इस प्रकार हैं:

उमर अली खान – बेहट विधानसभा सीट (सहारनपुर)

आशु मलिक – सहारनपुर विधानसभा सीट

नाहिद हसन – कैराना विधानसभा सीट (शामली)

महबूब अली – अमरोहा विधानसभा सीट

ज्योति लोधी – ललितपुर विधानसभा सीट

इन पांच उम्मीदवारों में चार मौजूदा विधायक हैं, जिन्हें पार्टी ने दोबारा चुनावी मैदान में उतारने का फैसला किया है। वहीं, ललितपुर से ज्योति लोधी को मौका दिया गया है।

कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे के बीच बड़ा फैसला

सपा की इस पहली सूची को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दरअसल, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सीट शेयरिंग पर बातचीत जारी है।

चर्चा है कि कांग्रेस सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर विधानसभा सीट पर भी अपना दावा कर रही थी। लेकिन सपा ने इन दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। इसके बाद गठबंधन के भीतर नाराजगी की चर्चा तेज हो गई है।

PDA के नारे के साथ चुनावी तैयारी

समाजवादी पार्टी ने अपनी उम्मीदवार सूची के साथ 'होगा पीडीए के नाम, अबकी एकजुट मतदान' का नारा भी दिया है। पार्टी की रणनीति पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को एकजुट करने पर केंद्रित नजर आ रही है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस के साथ सीटों का बंटवारा किस तरह होता है और सपा की इस पहली सूची के बाद यूपी की राजनीति में आगे क्या समीकरण बनते हैं।

Related News

Share: