चावली गांव को कीचड़ से मिलेगी मुक्ति
- ब्लॉक प्रमुख ने शुरू कराया मजबूत RCC रोड का निर्माण
एत्मादपुर। चावली गांव के निवासियों को लंबे समय से चली आ रही जलभराव और कीचड़ की गंभीर समस्या से जल्द ही राहत मिलने वाली है। गांव के मुख्य रास्तों पर फैले दलदल से ग्रामीणों को निजात दिलाने के लिए ब्लॉक प्रमुख इति सिंह ने विकास कार्य शुरू कर दिया है। ब्लॉक प्रमुख इति सिंह और उनके पति डॉक्टर अवधेश सिंह ने गांव में आरसीसी सड़क निर्माण कार्य का विधि-विधान से शिलान्यास किया।
यह मार्ग बनने के बाद ग्रामीणों को कीचड़ और जलभराव वाले रास्तों से नहीं गुजरना पड़ेगा जिससे आवागमन सुगम हो जाएगा। जलभराव वाले क्षेत्रों में सामान्य डामर या खड़ंजे की सड़कें जल्दी टूट जाती हैं जिनकी तुलना में कंक्रीट की यह आरसीसी सड़क अधिक मजबूत और टिकाऊ साबित होगी। इसके साथ ही रास्तों पर पानी जमा न होने से गंदगी और मच्छरों के प्रकोप पर लगाम लगेगी जिससे गांव में फैलने वाली मौसमी बीमारियों में भारी कमी आएगी और स्वास्थ्य व स्वच्छता का स्तर बेहतर होगा।
इस विकास कार्य की शुरुआत होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने गहरी खुशी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से इस नारकीय स्थिति को झेल रहे थे। समस्या का स्थाई समाधान कराने के लिए चावली गांव के निवासियों ने ब्लॉक प्रमुख इति सिंह और डॉक्टर अवधेश सिंह का आभार व्यक्त किया है। डॉक्टर अवधेश सिंह ने बताया कि मुलायम सिंह चौहान ने इस समस्या से अवगत कराया था। मौके पर जाकर देखा तो बहुत बुरा हाल था और क्षेत्रीय लोगों को आने-जाने के लिए कीचड़ में से होकर गुजरना पड़ता था। स्थिति को देखते ही तुरंत समस्या को खत्म करने के लिए यह कार्य शुरू कराया गया है। इस दौरान धर्मवीर सिंह मनवीर सिंह हितेंद्र चौहान सुखेद्र कुशवाह सलीम खान शाहिद खान करुआ कुशवाह भोला धाकरे योगेश चौहान लल्लू ठाकुर विशाल चौहान मोहन चौहान बुध्दा जीतू चौहान एवं अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।