आगरा के स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे कंडोम बॉक्स

  • बिना संकोच मुफ्त ले जा रहे लोग 24 घंटे मिलेगी प्राइवेसी
  • जिले में अब तक 72 हजार से अधिक लाभार्थियों ने उठाया योजना का लाभ

आगरा। मेडिकल स्टोर से लोगों के सामने कंडोम खरीदने में जिन लोगों को संकोच या हिचकिचाहट होती थी, उनके लिए राहत की बात है। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर कंडोम पेटिका (कंडोम बॉक्स) की व्यवस्था की गई है। यहाँ से 24 घंटे कभी भी मुफ्त कंडोम प्राप्त किया जा सकता है। इस व्यवस्था से जहां एक ओर लोगों को शर्म और संकोच का सामना नहीं करना पड़ रहा है, वहीं इसका कोई अतिरिक्त खर्च भी लाभार्थियों को नहीं झेलना पड़ रहा। इससे महिलाओं को अनचाहे गर्भ से छुटकारा भी मिल रहा है।

राहुल नगर (बोदला) निवासी 32 वर्षीय बॉबी बताते हैं कि उनकी शादी को पांच साल हो गए हैं और उनका एक तीन साल का बच्चा है। उनकी पत्नी कामकाजी महिला हैं। उन्होंने शादी के बाद ही निर्णय लिया था कि तीन साल बाद ही बच्चा प्लान करेंगे। इसके लिए उन्होंने कंडोम का उपयोग किया, जो पूरी तरह से कामयाब रहा। बॉबी के अनुसार, कंडोम परिवार नियोजन का सबसे अच्छा अस्थाई साधन है। सरकार द्वारा चलाई जा रही कंडोम बॉक्स की सुविधा काफी कारगर है। इसमें न शर्म का झंझट है और यह आसानी से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर मिल जाता है। अब दोनों पति-पत्नी ने निर्णय लिया है कि दूसरा बच्चा पैदा होने के बाद बॉबी पुरुष नसबंदी करा लेंगे।

जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लकड़ी से बने बॉक्स में कंडोम के पैकेट भरकर ऐसी जगह लगाए गए हैं, जहां सभी की पहुँच भी हो और उनकी गोपनीयता (प्राइवेसी) भी बनी रहे। यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध है। कंडोम बॉक्स खाली होने पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता इसे दोबारा भर देते हैं।

परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद यादव ने बताया कि जनपद में कंडोम की उपलब्धता आमजन तक आसान बनाने के लिए विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर 423 कंडोम पेटिकाएं (कंडोम बॉक्स) लगाई गई हैं, जिनकी संख्या आगे बढ़ाई जाएगी। वित्तीय वर्ष 2022-23 से अब तक जनपद में 72,271 लाभार्थियों ने सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों से कंडोम प्राप्त कर अपने परिवार को नियोजित किया है।

क्या है कंडोम और इसके फायदे

नोडल अधिकारी ने बताया कि कंडोम परिवार नियोजन का अस्थायी साधन है। यह रबर का एक आवरण है जो गर्भधारण को रोकने में 75 से 90 प्रतिशत तक कारगर है। इसके साथ ही यह यौन रोग व एड्स से भी बचाता है। अधिकतर कंडोम लेटेक्स से बने होते हैं, लेकिन जिन्हें लेटेक्स से एलर्जी है, वे पॉलीयूरेथीन से बने कंडोम का इस्तेमाल कर सकते हैं। जिले में अन्य साधनों की अपेक्षा कंडोम के उपयोगकर्ता अधिक हैं।

शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (दहतोरा मोड़) की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीक्षा गौतम ने बताया कि कंडोम बॉक्स को केंद्र के मुख्य गेट के बगल में लगाया गया है, जिससे यह आसानी से लोगों की पहुँच में हो। शुरुआत में लोगों को कम जानकारी थी, लेकिन अब जागरूकता बढ़ने से हर तीसरे दिन कंडोम के पैकेट भरने पड़ते हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) आगरा डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि गर्भावस्था को रोकने के साथ ही संक्रमण को रोकना और यौन व प्रजनन स्वच्छता में सुधार करना पुरुष की भी जिम्मेदारी है। इसके लिए कंडोम सबसे उपयुक्त साधन है और इसका कोई साइड इफेक्ट भी नहीं है।

कंडोम के मुख्य लाभ:

  • किशोर गर्भावस्था (20 वर्ष से पहले) से बचाव
  • अनचाहे गर्भ से सुरक्षा
  • दो बच्चों के जन्म के बीच 3 साल का अंतर रखने में सहायक
  • हाई रिस्क (उच्च जोखिम वाली) गर्भावस्था से बचाव
  • मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने में सहायक
  • यौन संचारित रोगों (एसटीडी) से बचाव
  • परिवार नियोजन में पुरुषों की सहभागिता सुनिश्चित होना

Related News

Share: