जैव विविधता दिवस पर टीम कोरोना वॉरियर ने लगाए पौधे और परिंडे
- फतेहपुर सीकरी में पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल
- परिंडों में नियमित पानी भरने का लिया संकल्प
फतेहपुर सीकरी। विश्व जैव विविधता दिवस के अवसर पर 'टीम कोरोना वॉरियर ऋषि बॉक्सर रामू संगठन' द्वारा विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण करने और पक्षियों के लिए परिंडे (पानी के पात्र) लगाने का विशेष अभियान चलाया गया। टीम के संयोजकों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को जैव विविधता के महत्व को समझाना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
टीम के सदस्य बॉक्सर रामू ने कहा कि जैव विविधता पृथ्वी पर जीवन का आधार है। इसमें पेड़-पौधों से लेकर पशु-पक्षी, इंसान, नदी, पर्वत और तालाब जैसे सभी सजीव और निर्जीव प्राकृतिक तत्व शामिल हैं। लेकिन मानवीय गतिविधियों के कारण जैव विविधता तेजी से घट रही है, जिससे हमारे स्वास्थ्य और आजीविका पर खतरा मंडरा रहा है। वहीं, कोरोना वॉरियर ऋषि ने कहा कि पौधे लगाना जैव विविधता के संरक्षण का सबसे महत्वपूर्ण तरीका है। पौधे हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, वातावरण को शुद्ध करते हैं और जीव-जंतुओं को आश्रय देते हैं।
25 पौधे लगाए और बांधे 10 परिंडे
अभियान के दौरान टीम के लगभग 20 सदस्यों ने मिलकर शहर के अलग-अलग स्थानों पर 25 पौधे लगाए और पक्षियों के लिए 10 परिंडे बांधे। ऋषि और रामू ने न सिर्फ परिंडे लगाए, बल्कि नियमित रूप से उनकी देखभाल करने और उनमें साफ पानी डालने का संकल्प भी लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया।
5 सालों से लगातार कर रहे सामाजिक कार्य
टीम कोरोना वॉरियर पिछले 5 सालों से लगातार पर्यावरण और समाज सेवा के कार्यों में जुटी हुई है। यह टीम पौधे और परिंडे लगाने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क ब्लड (रक्त) उपलब्ध कराने और गरीब बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने का काम भी कर रही है। कोरोना वॉरियर ऋषि ने अपील करते हुए कहा कि जैव विविधता के संरक्षण में हर नागरिक का सहयोग आवश्यक है, आइए मिलकर अपनी पृथ्वी को बचाएं।
इस अभियान के दौरान कोरोना वॉरियर ऋषि, बॉक्सर रामू, पूजा शर्मा, योगेश, नमन जाटव, श्याम सिंह गुर्जर, सुरेंद्र सोनी, हरवीर राणा, अनु गुर्जर और एडवोकेट धनेश फौजदार सहित कई सदस्य मौजूद रहे।